1.9 हीमोग्लोबिन...फिर भी चलकर पहुंचा अस्पताल

नवभारतटाइम्स.कॉम
patient with 19 hemoglobin reaches hospital walking doctors in shock
n दीपाली श्रीवास्तव, सेक्टर-10

सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार को ऐसा मामला सामने आया, जिसने डॉक्टरों को भी हैरान कर दिया। 42 वर्षीय एक व्यक्ति महज 1.9 ग्राम प्रति डेसीलीटर हीमोग्लोबिन के साथ अस्पताल पहुंचा। सामान्य तौर पर पुरुषों में हीमोग्लोबिन का स्तर 13.5 से 17.5 ग्राम प्रति डेसीलीटर माना जाता है, जबकि मरीज का स्तर इससे कई गुना कम था। रिपोर्ट सामने आते ही डॉक्टरों ने उसे इमरजेंसी में भर्ती कर ब्लड ट्रांसफ्यूजन शुरू किया। फिलहाल मरीज की हालत में सुधार है। डॉक्टर यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी गंभीर एनीमिया की वजह क्या रही।
डॉक्टरों के अनुसार, सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी कम मात्रा में हीमोग्लोबिन होने के बावजूद मरीज खुद चलकर अस्पताल पहुंचा। उसका चेहरा पूरी तरह पीला पड़ चुका था और वह कमजोरी महसूस कर रहा था। जानकारी के अनुसार, मरीज अपनी पत्नी के साथ इमरजेंसी पहुंचा था।