Massive Fire In Injection Company In Sector 96 Flames Reach Warehouse Crores In Damage
कंपनी में आग से अफरातफरी, वेयर हाउस तक पहुंचीं लपटें
Contributed by: Surender.Singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-96
शहर के सेक्टर-96 एरिया में इंजेक्शन, सीरिंज बनाने वाली कंपनी में मंगलवार रात आग लग गई। यहां मशीनों पर इंजेक्शन मोलडिंग का काम चल रहा था कि शॉर्ट सर्किट के कारण हादसा हो गया। आग देखते ही देखते पूरे फ्लोर पर फैल गई। इसके बाद यहां लगे फायर फाइटिंग उपकरण से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन हालात बिगड़ते गए। इसी बिल्डिंग के दूसरे पार्ट में एक वेयर हाउस और अन्य कंपनी तक लपटें पहुंच गईं। जिलेभर से आए फायर टेंडर और 100 से अधिक फायर कर्मियों की दस घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।रातभर करते रहे आग बुझाने की कोशिशें
लाइफ लॉन्ग नामक यह कंपनी सेक्टर-96 में है। इस कंपनी की बिल्डिंग इतनी बड़ी है कि वहां एक वेयर हाउस और अन्य कंपनी भी है। मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे इस कंपनी की दूसरी मंजिल पर इंजेक्शन मोलडिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। समय रहते कर्मचारी कंपनी से निकल गए। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। आग बेकाबू होते देख फायर ब्रिगेड मानेसर को सूचना दी गई। इसके बाद तीन फायर टेंडर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग अधिक होने कारण सेक्टर-29, भीम नगर, उद्योग विहार, सोहना, पटौदी से फायर टेंडर मंगवाए गए। इसके अलावा सुजूकी, हाेंडा, हल्दीराम आदि से भी फायर टेंडर मंगवाए गए। करीब 25 फायर टेंडर पर 100 से अधिक फायर मैन रातभर आग बुझाने में लगे। कंपनी में प्लास्टिक का सामान अधिक होने के कारण आग भड़की। इसके अलावा साथ लगते वेयर हाउस में भी गारमेंट के अलावा शूज आदि का सामान था। करीब दस घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। बताया गया कि दो कंपनियों में अधिक नुकसान हुआ। सीनियर फायर ऑफिसर नरेंद्र सिंह ने बताया कि दस घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। एहतियात के तौर पर दो फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। यहां पर प्लास्टिक का सामान अधिक होने के कारण आग भड़क गई।