Dcp Reviews Black Spots To Prevent Accidents In Ballabgarh Issues Strict Instructions
हादसों को रोकने के लिए डीसीपी ने ब्लैक स्पॉट्स का लिया जायजा, दिए निर्देश
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने शहर के दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना शहर बल्लभगढ़ और थाना सेक्टर-8 क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट्स पर निगरानी बढ़ाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम और एनएचएआई के साथ समन्वय कर चेतावनी संकेतक, सुरक्षा बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और अन्य जरूरी आधारभूत सुधार कराने के लिए पत्राचार करने की बात कही।
आईएमटी चौक बाईपास का जायजा लिया: इस दौरान डीसीपी ने थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र के सलूजा पेट्रोल पंप (अनाज मंडी के सामने), सोहना पुल रेड लाइट और आईएमटी चौक बाईपास का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक इन तीनों स्थानों पर 10 से 12 घातक सड़क हादसे हो चुके हैं। जांच में सामने आया कि अधिकांश दुर्घटनाएं तेज रफ्तार दोपहिया वाहनों और सुरक्षा ग्रिल पार कर सड़क क्रॉस करने वाले पैदल यात्रियों की वजह से हुईं। इसके बाद डीसीपी ने थाना सेक्टर-8 क्षेत्र के सूरदास मेट्रो स्टेशन और बाटा चौक का भी निरीक्षण किया। जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करें : इन स्थानों को भी दुर्घटना संभावित मानते हुए यहां अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने की आवश्यकता बताई गई। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि ज्यादातर हादसे देर रात हुए हैं। डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने लोगों से अपील की कि वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाएं, हेलमेट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करें।