सड़क और नाला निर्माण के दौरान गिरा निर्माणाधीन मकान

नवभारतटाइम्स.कॉम
greater noida under construction house collapses during road drain construction people narrowly escape
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के साकीपुर रोड तिलपता में गुरुवार को सड़क और नाला निर्माण कार्य के दौरान एक निर्माणाधीन मकान अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय मकान के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना साकीपुर रोड स्थित तिलपता गांव की है। ओमवीर पुत्र रमेश का निर्माणाधीन मकान सड़क किनारे बनाया जा रहा था। इसी दौरान क्षेत्र में सड़क और नाला निर्माण का कार्य चल रहा था। नाला बनाने के लिए जेसीबी मशीन से दुकान के सामने की मिट्टी हटाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि दुकान की नींव नाले के ऊपर रखी हुई थी। जैसे ही नींव के नीचे की मिट्टी हटाई गई, निर्माणाधीन ढांचा कुछ ही पलों में भरभराकर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि उस समय मकान के भीतर कोई मजदूर या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूरजपुर पुलिस ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और संबंधित विभाग से भी जानकारी जुटाई जा रही है।