Grand Rath Yatra In Noida Thousands Of Devotees Enthralled With Jai Jagannath Chants
जय जगन्नाथ से गूंजा शहर, रथयात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
भगवान श्री जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा गुरुवार को नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शहर के सेक्टर-121, सेक्टर-34 और सेक्टर-61 स्थित मंदिरों से निकली इन यात्राओं में हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग में 'जय जगन्नाथ' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।सबसे बड़ा आयोजन सेक्टर-121 स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में हुआ, जहां श्रद्धालुओं के साथ कई संत-महात्मा भी शामिल हुए। वहीं, सेक्टर-34 में श्री जगन्नाथ सेवा संघ द्वारा 21वीं रथयात्रा निकाली गई। शाम 5 बजे उदयगिरि अपार्टमेंट से शुरू हुई इस यात्रा में भक्तों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए (सेक्टर-34) के महासचिव धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि परंपरा के अनुसार भगवान अब नौ दिनों तक सामुदायिक केंद्र स्थित 'मौसी मां' के घर विराजमान रहेंगे, जहां 24 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा एवं सत्संग का आयोजन होगा। सेक्टर-61 स्थित श्री स्वर्ण क्षेत्र मंदिर में भी वार्षिक महोत्सव का आगाज हुआ। यहां 24 जुलाई को बहुदा यात्रा और 25 जुलाई को सुना वेश का आयोजन किया जाएगा। वहीं सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर की ओर से भी भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। सेक्टर-18 स्थित जीआईपी मॉल के सामने से शुरू हुई यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रथयात्रा के दौरान सेक्टर-121 और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की कतारों को देखते हुए पुलिस को यातायात सुचारू करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।