प्रिंसिपल समेत चार शिक्षक सस्पेंड हुए

नवभारतटाइम्स.कॉम
misconduct with girl students in government school principal and 4 teachers suspended main accused in jail
n NBT न्यूज, गुड़गांव

जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं की ओर से एक शिक्षक पर कक्षा के दौरान अनुचित भाषा के इस्तेमाल और आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप के मामले में हरियाणा माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। गुरुवार को विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल समेत चार शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में मुख्य आरोपी टीचर अभी जेल में है।
जानकारी के अनुसार, मामले में 26 छात्राओं ने शिक्षक के व्यवहार को लेकर लिखित शिकायत दी थी। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित की थी। जांच के दौरान छात्राओं, शिक्षकों और अन्य संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए गए तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर विभागीय जांच पूरी की गई। इसी जांच के क्रम में समय-समय पर विभिन्न प्रशासनिक कदम उठाए गए। इससे पहले संबंधित शिक्षक को छात्राओं के सीधे संपर्क से दूर रखने के लिए स्कूल से हटाकर विभागीय कार्यालय से अटैच किया गया था। साथ ही एहतियात के तौर पर उसकी मेडिकल जांच भी कराई गई थी। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों में साफ किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ाई जाएगी। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को निलंबन आदेशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।