Engineering Works Portal Closed 500 Crore Tenders Stuck Development Work Halted
इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल बंद, "500 करोड़ के टेंडर अटके
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
हरियाणा सरकार द्वारा विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से शुरू किया गया 'हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल ' पिछले पांच दिनों से पूरी तरह बंद पड़ा है। इस तकनीकी खराबी के कारण फरीदाबाद सहित पूरे प्रदेश में विभिन्न विभागों के 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य अधर में लटक गए हैं। चूंकि सभी सरकारी विभागों में टेंडर जारी करने, उन्हें मंजूरी देने और ठेकेदारों के बिल पास करने की पूरी प्रक्रिया इसी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होती है, इसलिए सिस्टम ठप होने से हर स्तर पर काम रुक गया है।अकेले नगर निगम में 300 करोड़ के प्रॉजेक्ट फंसे : पोर्टल बंद होने का सबसे बड़ा असर फरीदाबाद नगर निगम पर पड़ा है, जहां 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य अटक गए हैं। इसमें मुख्यमंत्री द्वारा मंजूर की जा चुकी 'अमृत पार्ट-2' योजना भी शामिल है, जिसके तहत ओल्ड फरीदाबाद से मिर्जापुर एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) तक मुख्य लाइन बिछाई जानी है। पोर्टल काम न करने से इस बड़े प्रोजेक्ट को अंतिम मंजूरी नहीं मिल पा रही है, जिससे निगम वर्क ऑर्डर जारी करने में असमर्थ है। इसी तरह, सेक्टर-52 में 38 लाख रुपये की लागत से बनने वाला रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रोजेक्ट भी रुक गया है। इसके अलावा, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) ग्रेटर फरीदाबाद में सड़कों के निर्माण के टेंडर नहीं लगा पा रहा है और लोक निर्माण विभाग (PWD) के भी तमाम नए टेंडर फंस गए हैं।