Faridabad One Year Water Crisis In Ac Nagar Plea To Municipal Corporation
एक साल से नहीं आ रहा पानी, नगर निगम से लगाई गुहार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
वाॅर्ड नंबर-14 के एसी नगर में करीब एक साल से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति न होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि कई परिवारों को दूर-दराज के ट्यूबवेलों से पानी लाकर अपनी दैनिक आवश्यकताएं पूरी करनी पड़ रही हैं। परेशान लोग समाजसेवी दिनदयाल गौतम की अगुवाई में गुरुवार को कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा से मिले। कमिश्नर ने लोगों को चीफ इंजीनियर विवेक गिल के पास भेज दिया और विवेक गिल ने लोगों को बताया कि वह मौका मुआयना कर जल्द ही टयूबवेल लगवा देंगे। दिनदयाल गौतम ने बताया कि वह एक साल के दौरान इस समस्या की तीन बार सीएम विंडो और निगम अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। शिकायतों के बावजूद जलापूर्ति व्यवस्था में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ, जिससे उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। एरिया के दिहाड़ी मजदूर और सीमित आय वाले परिवार इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं। नियमित पानी उपलब्ध न होने के कारण उन्हें अपनी कमाई का एक हिस्सा निजी पानी के टैंकर मंगवाने पर खर्च करना पड़ रहा है और दूर दराज के टयूबवेलों से भी पानी ढोना पड़ रहाा है।
निगम में आए लोगों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बार-बार टैंकर मंगवाना अतिरिक्त बोझ बन गया है। पेयजल संकट के समाधान की मांग को लेकर कमिश्नर से जल्द से जल्द नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। लोगों ने उम्मीद जताई है कि निगम उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि एसी नगर के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिल सके।