Lack Of Facilities In Faridabad Municipal Corporation Employees Adamant On Demanding Suspension Of Exen
ऑफिस में नहीं हैं सुविधाएं, EXen को सस्पेंड करने की मांग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
ओल्ड फरीदाबाद नगर निगम कार्यालय में जरूरी सुविधाएं न होने के कारण म्युनसिपल कॉरपोरेशन एप्लाइज फेडरेशन ने विरोध जताते हुए नारेबाजी की। ईएक्सईएन संजीव गुप्ता के खिलाफ खूब नारेबाजी की गई। पदाधिकारियों ने ईएक्सईएन को सस्पेंड करने की मांग की। इससे मामला तूल पकड़ने लगा। आखिर में एसई ओमबीर सिंह को ईएक्सईएन और फेडरेशन के पदाधिकारियों के बीच मध्यस्तता करानी पड़ी। ईएक्सईएन ने सुविधाएं शुरू कराने का आश्वासन दिया, तब जाकर पदाधिकारियों ने प्रदर्शन करना बंद किया। फेडरेशन के प्रधान रमेश जांगलान ने बताया कि निगम कार्यालय में बेहतर टॉयलट नहीं है। टॉयलट में दूर से ही दुर्गंध आती है। महिलाओं के लिए भी अगल से टॉयलट नहीं है। पानी की भी कमी है। इतना ही नहीं कार्यालय में पर्याप्त कुर्सियां भी नहीं हैं। इनके अलावा और भी जरूरी सामान नहीं है, जिनकी वजह से कर्मचारियों को काम करने में परेशानी हो रही है। इन सब के चलते फेडरेशन से जुड़े कर्मचारी व पदाधिकारियों ने मंगलवार से प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। गुरुवार को प्रदर्शन का तीसरा दिन था। एसई ओमबीर सिंह ने दोनों पक्षों के बीच तालमेल बनवा कर जरूरी सुविधाओं को पूरा करने का भरोसा दिलाया।