पानी माफिया पर शिकंजा, दो ट्यूबवेल किए सील, तीन तोड़े

नवभारतटाइम्स.कॉम
major action against water mafia in faridabad two tube wells sealed three demolished
n NBT न्यूज, फरीदाबाद

नगर निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने वाॅर्ड नंबर 22 व 23 में पानी माफियाओं पर शिकंजा कसा है। टीम ने जेसीबी की मदद से तीन ट्यूबवेलों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि दो ट्यूबवेलों को सील किया गया है, क्योंकि इन ट्यूबवेलों पर जाने का रास्ता अतिक्रमण की वजह से जेसीबी को नहीं मिला। निगम की इस कार्रवाई से माफिया में खलबली मची हुई है। चूंकि इस बारे में एफआरआई भी दर्ज भी हो सकती है।
शिकायत पर कमिश्नर ने कड़ा संज्ञान लिया

वाॅर्ड नंबर 22 और 23 में लकड़पुर, दयालबाग, शिव दुर्गा विहार, इरोज गार्डन समेत अन्य क्षेत्र आते हैं, लेकिन इस क्षेत्र में पानी की सप्लाई कम है। इस वजह से जहां लोग परेशान हैं, वहीं पानी टैंकर माफिया इसका फायदा उठाने से भी नहीं चूक रहे हैं। पानी माफिया फरीदाबाद से टैंकर भर के दिल्ली तक सप्लाई कर रहे हैं और इस पूरे खेल में निगम अधिकारियों की टैंकर माफियाओं से मिलीभगत तो है, पुलिस कर्मी भी इस खेल में शामिल है। किसी ने इस बारे में कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा को शिकायत की थी और इस शिकायत पर कमिश्नर ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के अधिकारी को स्पष्टीकरण मांगा और कहा कि यह चेक किया जाए की जो टैंकर माफिया पानी चोरी कर रहे, वह सरकारी भूमि पर लगे ट्यूबवेल से पानी सप्लाई कर रहे हैं या फिर प्राइवेट ट्यूबवेल से सप्लाई कर रहे हैं।