Roadways Bus Collides With Parked Truck On Nh 9 12 Passengers Injured 4 In Serious Condition
एनएच-9 पर रोडवेज बस खड़े ट्रक से टकराई, 12 यात्री घायल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, हापुड़
थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के नैशनल हाइवे-9 पर गुरुवार सुबह बृजघाट पर एक रोडवेज बस खड़े ट्रक से जा टकरा गई। इससे बस चालक समेत एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिससे हाइवे पर जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक सुचारू किया।जानकारी के मुताबिक, लखनऊ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस जैसे ही ब्रजघाट से आगे निकली, सामने खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री सीटों से उछलकर नीचे गिर गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एनएचएआई की टीम और 108 ऐम्बुलेंस कर्मी रामकिशोर व दीपक गुप्ता मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को गढ़मुक्तेश्वर सरकारी अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि दुर्घटना में 12 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद मेरठ रेफर किया गया है।
बाकियों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि घायलों में सीतापुर निवासी वीरेंद्र, अभिषेक, शिवम गुप्ता, रामशरण, साधना सिंह पत्नी अखिलेश, नीतू सिंह पत्नी नरेंद्र, सुधीर सिंह और अलका शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक हटवाकर यातायात बहाल कराया।