20 तक खेल सुविधाओं की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करें स्कूल

नवभारतटाइम्स.कॉम
schools to upload sports facilities information on portal by july 20 education departments warning
n NBT न्यूज, फरीदाबाद : हरियाणा शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी हाई और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल पर खेल सुविधाओं से संबंधित जानकारी समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने ऐसे स्कूलों को चेतावनी जारी की है जिन्होंने अब तक आवश्यक डेटा पोर्टल पर उपलब्ध नहीं कराया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी लंबित विद्यालयों को 20 जुलाई तक हर हाल में डेटा अपलोड करना होगा। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाह स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के लंबित स्कूलों से तय समय सीमा के भीतर खेल अवसंरचना का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। विभाग का कहना है कि इससे राज्य में उपलब्ध खेल सुविधाओं का सटीक रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा और भविष्य की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। विभाग ने केवल लंबित स्कूलों ही नहीं, बल्कि पहले से डेटा अपलोड कर चुके विद्यालयों को भी पोर्टल पर लॉगिन कर अपलोड की गई जानकारी की समीक्षा करने, आवश्यक संशोधन करने और रेकॉर्ड को अद्यतन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिन स्कूलों ने स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर पोर्टल पर सिविल स्ट्रक्चर से जुड़े आइटम का चयन या उनका विवरण दर्ज नहीं किया है, उन्हें भी रिपोर्ट दोबारा सही तरीके से अपलोड करने को कहा गया है।