अश्लील विडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख की ठगी

नवभारतटाइम्स.कॉम
threatened to make obscene video viral 10 lakh cheated fraudsters created a trap by posing as police officers
सेक्टर-7ई निवासी एक व्यक्ति ने दी शिकायत, केस दर्ज

आरोपियों ने पुलिस अधिकारी बताकर बनाया शिकार
NBT न्यूज, फरीदाबाद

साइबर अपराधियों ने अश्लील फोटो और विडियो वायरल करने की धमकी देकर सेक्टर-7ई निवासी एक व्यक्ति से 10.23 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित को लगातार डराया-धमकाया और कई दिनों तक अलग-अलग खातों व यूपीआई आईडी में रकम ट्रांसफर करवाई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सेक्टर-7ई निवासी एक व्यक्ति ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और एमएचए-एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि 8 जुलाई को उन्हें एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके पास उनकी अश्लील फोटो और विडियो हैं। आरोपी ने इन्हें सोशल मीडिया से हटाने के नाम पर पैसे मांगे और बदनामी की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि 8 से 12 जुलाई के बीच डर और मानसिक दबाव में उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों, क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी के माध्यम से कुल 10 लाख 23 हजार 198 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस दौरान अन्य वॉट्सऐप नंबरों से संपर्क कर एक व्यक्ति ने खुद को आईपीएस अधिकारी "संजय अरोड़ा" बताकर वर्दी में फोटो भी भेजी और गिरफ्तारी की धमकी दी। शिकायत मिलने पर पहले एमएचए-एनसीआरपी के माध्यम से ई-जीरो एफआईआर दर्ज की गई। जांच के दौरान ठगी की कुल रकम 10.23 लाख रुपये सामने आने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपियों की पहचान कर बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी है।