CG सिटी में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग, जाम से मिलेगी मुक्ति

नवभारतटाइम्स.कॉम
multi level parking to be built in cg city relieving traffic jams urban park to be built near ekana stadium
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ

सीजी सिटी में इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पास ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। एलडीए इसके लिए पलासियो मॉल के पीछे 38.47 करोड़ की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग बनवा रहा है। 7,635.80 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रही पार्किंग के लोअर और अपर बेसमेंट में पार्किंग स्पेस विकसित किया जाएगा, जिसमें 458 दोपहिया व 350 चार पहिया वाहन एक साथ पार्क हो सकेंगे। ऊपरी हिस्से में लगभग 3,900 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क विकसित किया जाएगा।
 एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने शनिवार को परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार से पार्किंग के लिए फंड स्वीकृत हो गया है। इससे इकाना स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैच और पलासियो मॉल में वीकेंड के दौरान आने वाली भीड़ के कारण लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिलेगी। वीसी ने नौसेना शौर्य संग्रहालय का भी निरीक्षण किया और इसके संचालन व अनुरक्षण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। वीसी ने सुशांत गोल्फ सिटी में जश्न रिएलिटी ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनी का भी जायजा लिया। एलडीए द्वारा परियोजना का ले-आउट स्वीकृत किया गया है।

नवंबर तक अर्बन पार्क खोलने के निर्देश : सीजी सिटी में अर्बन पार्क के रूप में शहर को एक और नया और आधुनिक ग्रीन स्पेस मिलने वाला है। एलडीए 20 करोड़ रुपये की लागत से अर्बन पार्क विकसित कर रहा है। वीसी ने पार्क का निरीक्षण कर नवंबर तक इसके जनता के लिए खोलने के निर्देश दिए।