Real Estate Projects Surge In Districts Like Barabanki And Jhansi Lucknow And Gautam Buddh Nagar Top
बड़े शहरों के अलावा बाराबंकी और झांसी जैसे जिलों में भी बढ़े प्रॉजेक्ट
Contributed by: Ranvijay.Singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : रियल एस्टेट प्रॉजेक्ट्स के लिहाज से डिवेलपरों की पहली पसंद लखनऊ बना हुआ है। वहीं, निवेश के मामले में गौतमबुद्ध नगर टॉप पर है। यूपी रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (यूपी रेरा) की तरफ से सोमवार को जारी किए गए छमाही रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया।
रिपोर्ट के मुताबिक इस साल जनवरी से जून तक सबसे ज्यादा 37 आवासीय और कमर्शल प्रॉजेक्ट लखनऊ में आए, जबकि दूसरे नंबर पर गौतमबुद्ध नगर के लिए 27 प्रॉजेक्ट्स को मंजूरी दी गई। हालांकि, निवेश के मामले में गौतमबुद्ध नगर पहले पायदान पर है। यहां लखनऊ की तुलना में करीब चार गुना निवेश हुआ है। यूपी रेरा की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले छह महीने में यहां लांच हुए प्रॉजेक्ट्स में 15,678 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।छोटे शहरों में भी रियल एस्टेट ने पांव पसारे : रेरा चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने बताया कि यूपी में रियल एस्टेट का दायरा केवल लखनऊ और एनसीआर तक सीमित नहीं रह गया है। बड़े शहरों के साथ-साथ आगरा, मथुरा, वाराणसी, बाराबंकी और झांसी समेत बड़े शहरों के आसपास के जिलों में तेजी से नए प्रॉजेक्ट्स बढ़ रहे हैं। इस साल की पहली पहली छमाही रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी से अब तक 143 नए प्रॉजेक्ट्स को रजिस्ट्रेशन किया गया है। इनमें लखनऊ (37), गौतमबुद्ध नगर (27), गाजियाबाद (19), आगरा (10), मथुरा (10), वाराणसी (7), झांसी (3), बाराबंकी (3), बरेली (3) और प्रयागराज (3) प्रॉजेक्ट्स लांच हुए हैं। इन प्रॉजेक्ट्स में 46,049 प्लॉट, फ्लैट और विला समेत आवासीय यूनिट बनाने का प्रस्ताव है। रेरा चेयरमैन संजय भूसरेड्डी के मुताबिक प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे और मेट्रो समेत तेजी से बेहतर हुए इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते रियल एस्टेट में तेजी दिखने को मिल रही है।