Aktu Will Now Also Provide Degrees In Journalism And Graphic Designing Vocational Courses To Start
पत्रकारिता, ग्राफिक डिजाइनिंग के भी गुर सिखाएगा AKTU
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : इंजिनियरिंग, मैनेजमेंट और तकनीकी शिक्षा देने वाला डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) अब पत्रकारिता के क्षेत्र में भी शिक्षा देने जा रहा है। विश्वविद्यालय में कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक अहम फैसला लिया गया है। इसी सत्र से एकेटीयू में पत्रकारिता और ग्राफिक डिजाइनिंग की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। खास बात ये है इसे वोकेशनल कोर्स के तहत संचालित किया जा रहा है। इससे इन कोर्सों में छात्रों की स्किल पर फोकस किया जाएगा।
एकेटीयू में बैचलर ऑफ वोकेशनल कार्यक्रम संचालित किया जाता है। अलग अलग कॉलेज कई विषयों में इन पाठ्यक्रमों को संचालित करते हैं। विवि की ओर से इस साल से बीवोक के तहत ही दो नए विषयों को जोड़ दिया गया है। इसमें बीवोक इन जर्नलिज्म ऐंड मास कम्युनिकेशन और बीवोक इन ग्राफिक्स ऐंड मल्टीमीडिया शामिल है। दोनों ही मीडिया की फील्ड से जुड़े हुए विषय है। चूंकि एकेटीयू इनको संचालित करने जा रहा है इसलिए इन कोर्सों में तकनीक को भी भरपूर शामिल किया जाएगा। मीडिया में प्रयोग होने वाली सभी नई तकनीकों को सिलेबस का हिस्सा बनाया जाएगा। साथ ही छात्रों की स्किल पर खास फोकस इस कोर्स में किया जाएगा। कॉलेजों को सीधे मिलेगी संबद्धता : इन दोनो कोर्सों को प्रदेश भर के डिग्री और तकनीकी कॉलेजों के लिए खोल दिया गया है। एकेटीयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो भी इच्छुक कॉलेज इन दोनों नए कोर्सेज की पढ़ाई अपने यहां शुरू करवाना चाहते हैं, वे अब सीधे विश्वविद्यालय से इसकी संबद्धता ले सकेंगे। विश्वविद्यालय की ओर से संबद्धता देने की प्रक्रिया इसी सत्र से शुरू की जा चुकी है। अब तक यह कोर्स सिर्फ ट्रेडीशनल विश्वविद्यालयों या निजी संस्थानों में ही संचालित किये जा रहे थे। अब सरकारी तकनीकी कॉलेजों के लिए भी इन कोर्सों का रस्ता खुल गया है।