n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: गुरु रविदास की 650वीं जयंती को लेकर आयोजित "समरसता संकल्प अभियान" के तहत बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल यूपी के वाराणसी (बनारस) पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी के अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश जरावता कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में विधायक कपूर बाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धानक, जगदीश नायर, मेयर सुमन बहमनी, चेयरमैन बलदेव ग्राेहा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, चेयरमैन कप्तान योगेश बैरागी, पूर्व विधायक सरिता नारायणा, पार्षद अशाेक कटारिया, चेयरमैन रेखा, प्रदेश संयोजक सुंदरलाल यादव, चेयरमैन घुमन सिंह, सुरेश कौशिक और परवीन जैन शामिल हैं। 29 जुलाई को यह प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लेगा। इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम योगी आदित्यनाथ, पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इस दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली की पावन मिट्टी का कलश हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल को सौंपा जाएगा। यह दल 30 जुलाई की शाम कलश लेकर सरहौल बॉर्डर से गुड़गांव पहुंचेगा, जहां हरियाणा सरकार के मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे।