आईएमटी इंडस्ट्रीज असोसिएशन ने समाज सेवा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। असोसिएशन की ओर से संचालित सेवा केंद्र पर मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन, स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और जरूरतमंदों के लिए कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब इस पहल को और आगे बढ़ाते हुए कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए 10 रुपये में सार्वजनिक परिवहन सुविधा शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है। आईएमटी औद्योगिक क्षेत्र में संचालित कैंटीन में प्रतिदिन करीब 400 से 500 लोग भोजन कर रहे हैं।रोजाना 80 से 100 मरीज पहुंच रहे क्लिनिक में : भोजन के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की भी व्यवस्था की गई है। सेवा केंद्र में संचालित क्लिनिक में प्रतिदिन करीब 80 से 100 मरीज स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के लिए पहुंच रहे हैं। यहां मात्र 10 के पंजीकरण शुल्क पर डॉक्टर मरीजों की जांच करते हैं। जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाती हैं। असोसिएशन ने जरूरतमंद लोगों के लिए कपड़ों की व्यवस्था भी की है। यहां पैंट, शर्ट, टी-शर्ट, लोअर, बच्चों के कपड़े और अन्य उपयोगी वस्त्र मात्र 10 रुपये में उपलब्ध कराए जाते हैं।