n NBT रिपोर्ट, सोहना : शहर थाना एरिया में फ्रेंड्स कॉलोनी भैरव मंदिर के पास बंद मकान का ताला तोड़ लाखों रुपये की जूलरी चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित देशराज ने बताया कि 5 जुलाई को उनके पिता का देहांत हो गया था, इसके बाद पूरा परिवार नूंह में अपने दूसरे घर चला गया था।
10 जुलाई की रात चोरों ने मौके का फायदा उठा सोहना में उनके मकान के ताले तोड़ करीब 12 से 14 लाख रुपये, 8 से 10 तोला सोने की जूलरी और 400 ग्राम चांदी की जूलरी चोरी कर ली। मकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले किराएदार जब 11 जुलाई को नीचे मोटर चलाने आए, तो उन्होंने ताले टूटे देखे तो देशराज को फोन कर सूचना दी। पीड़ित की पत्नी ने सोहना बाईपास स्थित अपनी दुकान पर मौजूद अपने भाई नवीन को घर भेजा। नवीन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, इसके बाद पीसीआर टीम ने मौके पर पहुंच जांच की। पीड़ित ने सोमवार को थाना शहर सोहना में मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।