रोमा ने दिए सफलता के मंत्र, जयंत ने सिखाए अभिनय के आयाम

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times
n NBT न्यूज,लखनऊ : भातखंडे विवि के कलामंडपम सभागार में मंगलवार को ‘दीक्षारम्भ–2026’ का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शैक्षणिक यात्रा की दिशा देना और सर्वांगीण विकास की नींव रखना था। मुख्य वक्ता प्रख्यात करियर काउंसलर रोमा बच्चानी ने कहा कि सफल कलाकार बनने के लिए सिर्फ प्रतिभा नहीं, बल्कि नियमित रियाज, संवाद कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और सीखने की ललक भी जरूरी है।

सांस्कृतिक सत्र में विद्यार्थियों ने तबला वादन से सबको प्रभावित किया। राहुल कुमार ने रूपक ताल, आलोक कुमार मिश्र ने तीनताल और सोहम मिश्र ने झपताल प्रस्तुत कर तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी। इसी दौरान चार दिवसीय कथक कार्यशाला के दूसरे दिन गुरु जयंत कस्तुआर ने अभिनय और उपज के आयाम सिखाए। उन्होंने साहित्य की भूमिका बताते हुए मुखज अभिनय की बारीकियां समझाईं। चेहरे, होंठ, गर्दन और नाक से भाव कैसे दिखाएं, इसका व्यावहारिक अभ्यास करवाया।