n NBT न्यूज, रेवाड़ी: रेवाड़ी-नारनौल हाइवे पर सैनिक स्कूल के पास आरओबी से नीचे गिरने से गांव मामड़िया आसमपुर निवासी एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा 3 बेटियां हैं। सूचना के बाद खोल थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव मामड़िया आसमपुर निवासी मुकेश कुमार (46) सेना से रिटायर्ड थे। उन्हें हरियाणा पुलिस में ग्रुप डी की नौकरी मिली थी। उनकी ड्यूटी भोंडसी पुलिस लाइन में थी। सोमवार शाम को मुकेश ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। रेवाड़ी-नारनौल हाइवे से होते हुए वह गोठड़ा गांव पहुंचे। जहां से वह आरओबी से पैदल ही गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से वह आरओबी से नीचे सर्विस रोड पर जाकर गिरे। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी का पता लगा रहे हैं।