नगर निगम की फाइनैंस कमिटी की बैठक सेक्टर-34 स्थित ऑफिस में हुई। मेयर की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर में 171 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 26 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। शहर में सड़कों के निर्माण, पेयजल, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार के अलावा स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम मजबूत करने के काम होंगे। इसके अलावा सदर बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने और निगम एरिया में वॉटर मैनेजमेंट सिस्टम बेहतर करने की दिशा में काम होगा। बैठक में इन सभी एजेंडों पर चर्चा कर इन्हें मंजूरी दी गई। बैठक में निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया, एफएंडसीसी सदस्य अनूप सिंह व सुंदर सिंह के अलावा चीफ इंजीनियर विजय ढाका, डीटीपी डॉ. सिद्धार्थ खंडेलवाल, एग्जिक्यूटिव इंजीनियर संदीप धुंधवाल, सचिन यादव व तुषार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर के विभिन्न वॉर्डों में बारिश के कारण पेडिंग कार्यों को पूरा करने को कहा गया। पेयजल लाइन, सीवर लाइन, सड़कों के निर्माण, रिपेयरिंग वर्क और टाइलें लगाने के काम को मंजूरी दी गई। विभिन्न क्षेत्रों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के अलावा सदर बाजार में 235 सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। बैठक में खांडसा, सेक्टर-10, सरस्वती एन्क्लेव समेत कई इलाकों में सड़क, पेयजल, सीवरेज और ड्रेनेज से जुड़े विकास कार्यों को भी मंजूरी दी गई।