nNBT न्यूज, लखनऊ: चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर शुक्रवार को 115 टन वजनी शेड गिरने के बाद रेलवे ने एहतियातन प्लेटफार्म दो और तीन के पुराने शेड को भी हटा दिया है। इस काम के लिए रविवार दोपहर 12:30 से शाम 6:30 बजे तक छह घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया, जिससे प्लेटफार्मों पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप रहा।
बदले रास्तों से चलीं ट्रेनें
ब्लॉक के कारण त्रिवेणी एक्सप्रेस सहित करीब 12 ट्रेनों के रूट रविवार और सोमवार के लिए बदल दिए गए। एलटीटी-लखनऊ एसी एक्सप्रेस को चारबाग के बजाय लखनऊ जंक्शन भेजकर रवाना किया गया। वहीं त्रिवेणी एक्सप्रेस सहित एक दर्जन ट्रेनों को आलमनगर-उतरेटिया और ऐशबाग-बादशाहनगर होकर चलाया गया। स्टेशन पर अचानक ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले जाने से सही जानकारी न मिलने के कारण यात्री दिनभर भटकते रहे। इस बीच, आरएलडीए (रेल भूमि विकास प्राधिकरण) ने एयर कॉनकोर्स के मौजूदा पूरे पुराने ढांचे को ही हटाने का आदेश जारी कर दिया है।


