nNBT न्यूज, हापुड़
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मिनी हरिद्वार कहे जाने वाले गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट पर रविवार को ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र डुबकी लगाई। शनिवार शाम से ही दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। बृजघाट, पूठ और कच्चा घाट समेत विभिन्न घाटों पर रविवार सुबह श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के जयघोष के साथ स्नान किया।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु ओं ने भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और गरीबों को दान-दक्षिणा देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। धार्मिक मान्यता के अनुसार ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है। माना जाता है कि इस दिन गंगा में स्नान करने से पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु गढ़मुक्तेश्वर पहुंचकर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना करते हैं।


