n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद डिपो ने आईएमटी क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए नई बस सेवा शुरू की है। लंबे समय से सीधी परिवहन सुविधा की मांग कर रहे यात्रियों के लिए अब बल्लभगढ़ बस अड्डे से आईएमटी होते हुए जुन्हैडा गांव तक रोडवेज बस संचालित की जाएगी। फिलहाल यह सेवा सुबह और शाम दो समय पर उपलब्ध रहेगी। डिपो के डीआई जयपाल सिंह राठी ने बताया कि अब तक आईएमटी क्षेत्र के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिससे स्थानीय यात्रियों और कामकाजी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। यात्रियों की लगातार मांग और जरूरत को देखते हुए इस नए रूट पर बस संचालन शुरू किया गया है।


