n NBT न्यूज, पलवल
जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच लगातार चौथे दिन भी मुठभेड़ हुई। मुंबई एक्सप्रेसवे पर व्यापारी भाइयों का अपहरण कर 30 किलोग्राम चांदी, आठ लाख रुपये नकद और कार लूटने के मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना कोसीकलां क्षेत्र स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी मुस्तकीम के रूप में हुई है।डीएसपी क्राइम अनिल कुमार ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लगातार चार दिनों में हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान यह तीसरी बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर दो व्यापारी भाइयों का अपहरण कर उनसे करीब 30 किलोग्राम चांदी, आठ लाख रुपये नकद और कार लूट ली गई थी। घटना के बाद इस मामले का मुख्य आरोपी मुस्तकीम फरार चल रहा था। बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि मुस्तकीम पृथला-छपरौला रोड पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में अपने साथी का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब पांच राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।


