n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव : शहर के सबसे पॉश इलाकों में शुमार गोल्फ कोर्स रोड पर दो बड़े कारोबारियों के बीच सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ है। BMW सवार कारोबारी ने सोसायटी के गेट पर पड़ोसी की कार को कई बार टक्कर मारी। घटना DLF फेज-1 के अर्जुन मार्ग की बताई जा रही है, जहां रोडरेज की स्थिति बनी। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने BMW कार मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द पाम्स स्प्रिंग्स (एम्मार) सोसायटी निवासी यतीन ने पुलिस को बताया कि घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। जब वह अपनी कार से सोसायटी के मुख्य गेट पर पहुंचे, तभी उनके पड़ोसी रोहिन गुप्ता अपनी BMW कार के साथ वहां आ गए। आरोप है कि रोहिन गुप्ता ने यतीन का रास्ता रोक लिया। रोहिन ने पहले गालीगलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सोसायटी के सुरक्षा गार्डों के सामने ही उनकी कार को अपनी BMW से कई बार जानबूझकर जोरदार टक्कर मारी।


