धार्मिक स्थल हटने के बाद 150 दुकानों पर कार्रवाई की लटकी तलवार

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के एनआईटी-3 मस्जिद चौक इलाके में दो धार्मिक स्थलों को गिराया गया है। इसके बाद आसपास की करीब 100 से 150 दुकानों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। नगर निगम ने लोगों को मकान और दुकानें खाली करने के मौखिक निर्देश दिए हैं।

faridabad after religious site removal 150 shops face action fear grips locals

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

एनआईटी-3 मस्जिद चौक क्षेत्र में दो धार्मिक स्थलों को जमींदोज किए जाने के बाद आसपास के इलाकों, खासकर नेहरू कॉलोनी में चिंता और अनिश्चितता का माहौल बन गया है। नगर निगम की कार्रवाई के बाद रोड किनारे बने मकानों और दुकानों को खाली करने की चेतावनी मिलने से स्थानीय लोग अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं। दूसरी ओर, निगम की टीम लगातार दूसरे दिन भी मलबा हटाने और सड़क निर्माण की तैयारी में लगी रही।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने शुक्रवार देररात मस्जिद चौक और एनआईटी-3 इलाके में दो धार्मिक स्थलों के साथ छह अन्य निर्माणों को ध्वस्त किया था। रविवार को भी मलबा हटाने का काम जारी रहने से कई मार्ग बंद रहे, जिसके कारण स्थानीय लोगों को लंबा चक्कर लगाकर जाना पड़ा। इसी बीच, तीन नंबर पुलिया से मस्जिद चौक तक एल-सेफ क्षेत्र में बनी करीब 100 से 150 दुकानों और उनसे जुड़े रिहायशी हिस्सों पर भी कार्रवाई की आशंका गहराने लगी है। बताया जा रहा है कि यह निर्माण प्रस्तावित सड़क परियोजना में बाधा माने जा रहे हैं। निगम कर्मचारियों की ओर से मकान और दुकानें खाली करने के मौखिक निर्देश मिलने के बाद लोगों ने सामान हटाना शुरू कर दिया है।