n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-92
सारे होम्स सोसायटी में शनिवार रात उस समय भारी बवाल हो गया, जब नशे में धुत 3 युवकों ने आधी रात को जमकर हुड़दंग मचाया। युवकों ने न सिर्फ सोसायटी के कॉमन एरिया में फॉर्च्युनर कार के दरवाजे खोलकर तेज म्यूजिक बजाया, बल्कि इस दौरान एक युवक गाड़ी के बोनट पर चढ़कर डांस करने लगा। जब सिक्यॉरिटी गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो युवकों ने गालीगलौज करते हुए उनके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने हुड़दंगियों की फॉर्च्युनर समेत 2 गाड़ियां जब्त (इंपाउंड) कर लीं। वहीं, सोसायटी की आरडब्ल्यूए ने किराएदार पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी लगाते हुए उसे 2 दिन के अंदर फ्लैट खाली करने का अल्टिमेटम दे दिया है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-92 स्थित सारे होम्स सोसायटी में रहने वाले एक किराएदार से मिलने उसके 2 दोस्त आए थे। बताया जा रहा है कि दोनों गढ़ी हरसरू के रहने वाले हैं और पेशे से प्रॉपर्टी डीलर हैं। तीनों ने पहले फ्लैट के अंदर बैठकर शराब पी, फिर आधी रात को सोसायटी कैंपस में नीचे उतर आए। आरोप है कि उन्होंने फॉर्च्यूनर गाड़ी के सभी दरवाजे खोलकर फुल वॉल्यूम में गाने बजाए और नाचने लगे। शोर-शराबा इतना ज्यादा था कि सोसायटी के लोग सहम गए।
गार्ड से हाथापाई, पुलिस को 112 पर की कॉल
शोर शराबा होते देख सिक्यॉरिटी गार्ड्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की। सोसायटी की रेजिडेंट्स वेलफेयर असोसिएशन (RWA) के अध्यक्ष प्रवीण मलिक ने बताया कि जब हंगामा और मारपीट बढ़ गई, तो उन्होंने पुलिस सहायता के लिए इमरजेंसी नंबर 112 पर कई बार कॉल की। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी की फॉर्च्युनर कार को जब्त कर लिया।


