- नेहरू कॉलोनी में धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई पर सुरक्षा कड़ी , पुलिस अलर्ट मोड में
NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में धार्मिकस्थलों को हटाने की कार्रवाई के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त जारी है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर मामले से जुड़े कई भ्रामक और भड़काऊ संदेश प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली है, जिनकी निगरानी की जा रही है।
कुछ सोशल मीडिया रडार पर
पुलिस की साइबर टीम विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर सक्रिय निगरानी रखे हुए है। कुछ अकाउंट और प्लैटफॉर्म पुलिस के रडार पर हैं, जिनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, भड़काऊ सामग्री साझा करने या भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ संबंधित आईटी कानूनों और अन्य धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील की है।
आज सामान्य रहेगा ट्रैफिक, हटेंगे बैरियर
डीसीपी एनआईटी के अनुसार, सोमवार सुबह तक सभी बैरिकेट हटाए जाने की संभावना है, जिसके बाद कार्यदिवस पर ट्रैफिक पूर्व निर्धारित रूट के अनुसार सामान्य रूप से संचालित होगा। हालांकि, वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे एनआईटी तीन मस्जिद मोड़ की ओर जाने से पहले ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन 0129-2225999 पर संपर्क कर स्थिति की जानकारी ले सकते हैं।

