nNBT न्यूज, लखनऊ : कैंसर के इलाज के क्षेत्र में नई संभावनाएं उभर रही हैं। चीन में विकसित नई कैंसर रोधी दवाएं विभिन्न प्रकार के कैंसर पर सीधे और प्रभावी तरीके से हमला करने में सक्षम हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन दवाओं के भारतीय बाजार में आने से मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार का विकल्प मिल सकेगा।
यह जानकारी केजीएमयू के कलाम सेंटर में जार्जियन अल्मनाई असोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यशाला में दी गई। आयोजन सचिव डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि ये दवाएं शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सक्रिय कर कैंसर कोशिकाओं के खिलाफ लड़ने में मदद करती हैं। निर्धारित डोज लेने के बाद शरीर में ऐसी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया विकसित होती है, जो कैंसर कोशिकाओं की पहचान कर उन्हें नष्ट करने का प्रयास करती है।
उन्होंने बताया कि इन दवाओं की एक विशेषता यह भी है कि वे ट्यूमर तक पहुंचने वाली रक्त आपूर्ति को बाधित कर उसकी वृद्धि को नियंत्रित करने में मदद करती हैं। फेफड़े, पेट समेत कई प्रकार के कैंसर और कुछ रक्त कैंसर में इनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में उपचार के साथ-साथ कैंसर की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाते हैं।


