n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों और विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इसे गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य चुनौती मानने के बाद भारत में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के तहत बीके सिविल अस्पताल हाई अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने दूसरी मंजिल पर चार बेड का विशेष आइसोलेशन वाॅर्ड तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि फिलहाल भारत में इबोला संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निगरानी, स्क्रीनिंग और अस्पतालों की तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं।


