n NBT न्यूज़, चिनहट: कमता के कल्याणी विहार में टाइल्स मिस्त्री की गला रेतकर निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित अरबाज खान को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अरबाज पर 25 हज़ार का इनाम घोषित था। इस हत्याकांड में यह चौथी गिरफ्तारी है। 26 मार्च 2026 को तीन आरोपियों अनस खान, आशु निषाद और प्रियांशु गुप्ता को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
कल्याणी विहार कमता में बीते 25 मार्च की देर रात टाइल्स मिस्त्री रितेश (22) की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। खून से लथपथ उसका शव मैदान में मिला था। मूल रूप से झरकटहा थाना रेवती जिला बलिया और यहां कल्याणी विहार कमता में रहने वाले दयाशंकर सिंह ने अपने पुत्र रितेश सिंह की हत्या का मामला दर्ज कराया था। अरबाज खान पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते वह पुलिस के लिए वांछित था।



