n NBT रिपोर्ट, नोएडा : सेक्टर 59 स्पार्क मिंडा कंपनी में शनिवार शाम लगी आग का कारण एसी ब्लास्ट था। तेजी से फैली चिंगारी कंपनी में रखे थिनर और अन्य ज्वलनशील पदार्थों तक पहुंच गई। इसके बाद वहां रखे तारों के आग पकड़ते ही वह धधकने लगी। इस दौरान कंपनी में करीब 600 कर्मचारी ड्यूटी कर रहे थे, हालांकि उन्हें पहले ही सतर्क कर दिया गया था। इनके निकलने के दौरान पांच से छह कर्मचारी घबराकर बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग बुझाने के लिए फायर डिपार्टमेंट ने आधुनिक उपकरणों को इस्तेमाल किया था।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना की सूचना शनिवार शाम 4:15 बजे मिली थी। मौके पर टीम पहुंची तो आग ने विकराल रूप धारण कर रखा था। इसे देखकर लगा कि आग को पूरी तरफ बुझाने में दो दिन लग जाएंगे, लेकिन टीम ने मात्र छह घंटे में आग पर काबू पा लिया। इतनी बड़ी आग को नियंत्रित करने के लिए शासन से मिले फायर फाइटिंग रोबॉट और थर्मल इमेजिन कैमरे का उपयोग किया गया। रोबॉट में आग के बीच में घुसकर प्रेशर से पानी की बौछार मार रहा था। इसमें कैमरे भी लगे हैं। इनसे आग कहां-कहां तक पहुंची है इसके बारे में पल-पल की जानकारी मिल रही थी। इसके अलावा थर्मल कैमरे का उपयोग किया। यह पास की इमारत का तापमान बता रहा था।



