n NBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-150 स्थित टाटा यूरेका पार्क सोसायटी में मेंटिनेंस शुल्क (सीएएम) में करीब 48 फीसदी बढ़ोतरी के विरोध में रविवार को निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने प्रदर्शन कर बढ़े हुए शुल्क को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया और बिल्डर व प्रबंधन के खिलाफ मार्च निकाला। लोगों का कहना है कि प्रबंधन ने सीएएम शुल्क 4.96 रुपये प्रति वर्ग फुट से बढ़ाकर 7.30 रुपये प्रति वर्ग फुट कर दिया है। यह बढ़ोतरी मई से प्रभावी कर दी गई है, जिसकी जानकारी उन्हें महीने के अंत में ईमेल के जरिए दी गई। इससे सोसायटी के लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पहले से लिए जा रहे शुल्क के बावजूद स्विमिंग पूल, जिम, गार्डन, हाउसकीपिंग और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं संतोषजनक नहीं हैं। ऐसे में सुविधाओं में सुधार किए बिना एकमुश्त इतनी बड़ी बढ़ोतरी उचित नहीं है।
निवासियों ने चेतावनी दी कि जब तक बढ़ा हुआ शुल्क वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। बढ़े हुए शुल्क से फ्लैट मालिकों पर हर माह ढाई हजार से साढ़े तीन हजार रुपये तक का अतिरिक्त भार बढ़ गया है।



