रिफाइंड, सरसों तेल और बेकरी उत्पाद जांच में फेल

नवभारतटाइम्स.कॉम

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में सरसों तेल, रिफाइंड और बेकरी उत्पादों के कई सैंपल फेल पाए गए हैं। जांच में सरसों तेल के आठ नमूने मिलावटी मिले। रिफाइंड तेल की 16 रिपोर्टों में सात मिलावटी और तीन असुरक्षित निकले। बेकरी उत्पादों में भी पांच बिस्किट मिलावटी और दो में फर्जी ब्रांडिंग मिली। एक उत्पाद खाने लायक नहीं था।

refined mustard oil and bakery products fail inspection strict action against adulterators

n NBT न्यूज, ग्रेनो : खाद्य सुरक्षा विभाग की हाल ही में की गई छापेमारी के बाद आई लैब रिपोर्ट में सरसों तेल, रिफाइंड और बेकरी उत्पादों के कई सैंपल फेल और असुरक्षित पाए गए हैं। सहायक खाद्य आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने बताया कि डीएम के निर्देश पर गठित छह टीमों ने पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया था। जांच रिपोर्ट के अनुसार, सरसों के तेल के 12 नमूनों में से 8 मिलावटी पाए गए। रिफाइंड तेल की स्थिति और भी भयावह मिली। लिए गए 29 सैंपलों में से अब तक प्राप्त 16 रिपोर्टों में 7 मिलावटी और 3 पूरी तरह असुरक्षित पाए गए हैं। एक संचालक तो नामी ब्रैंड का स्टिकर लगाकर नकली तेल बेचते हुए पकड़ा गया है। बेकरी उत्पादों में भी भारी अनियमितता सामने आई है। बिस्कुट, केक और पेस्ट्री के 33 सैंपलों में से प्राप्त 25 रिपोर्टों में 5 बिस्किट मिलावटी मिले और 2 नमूनों में फर्जी ब्रैंडिंग पाई गई। एक बेकरी उत्पाद तो पूरी तरह खाने लायक नहीं मिला। विभाग अब इन सभी मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाने की तैयारी कर रहा है।