सोसायटी की लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसे रहे छह लोग

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा के सेक्टर-137 में लॉजिक्स ब्लॉसम काउंटी सोसायटी की लिफ्ट अचानक बंद हो गई। इसमें सवार छह लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। मेंटिनेंस टीम ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। निवासियों ने रखरखाव पर चिंता जताई है। उन्होंने लिफ्टों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है। प्रबंधन ने जांच का आश्वासन दिया है।

noida six people trapped in lift at logix blossom county questions raised on maintenance

n NBT न्यूज,नोएडा

सेक्टर-137 स्थित लॉजिक्स ब्लॉसम काउंटी सोसायटी में रविवार देर रात एक लिफ्ट अचानक खराब हो गई। इससे उसमें सवार छह लोग फंस गए। घटना के बाद लिफ्ट में मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सोसायटी की मेंटिनेंस टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट एक टावर में ऊपर जाते समय अचानक बीच में रुक गई। लिफ्ट में मौजूद लोगों ने इमरजेंसी अलार्म और फोन के माध्यम से मदद मांगी। इसके बाद मेंटिनेंस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। इस घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने लिफ्टों के रखरखाव पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि नई एओए (अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन) के गठन के बाद सोसायटी के रखरखाव कार्यों में लापरवाही बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि लिफ्टों की नियमित जांच और सर्विसिंग नहीं होने से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। निवासियों ने मांग की है कि सोसायटी में सभी लिफ्टों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और रखरखाव व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सोसायटी प्रबंधन ने इस घटना की जांच कराने और तकनीकी खामियों को दूर करने का आश्वासन दिया है।