गाज़ियाबाद से नोएडा शिफ्ट होंगी 26 ई-बसें, प्रबंधन भी यहीं से

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा एयरपोर्ट की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए परिवहन निगम ने बड़ा फैसला लिया है। गाज़ियाबाद की 26 इलेक्ट्रिक बसें अब नोएडा शिफ्ट की जाएंगी। इन बसों का संचालन और प्रबंधन नोएडा से ही होगा। यह कदम नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट कॉरिडोर पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा। नोएडा में कुल 110 ई-बसें चलाने की योजना है।

noida airport preparations 26 e buses to be shifted from ghaziabad management also from noida

n गाजियाबाद : नोएडा एयरपोर्ट की बढ़ती जरूरतों और संभावित यात्री दबाव को देखते हुए परिवहन निगम ने बड़ा फैसला लिया है। गाजियाबाद रीजन की 38 में से 26 इलेक्ट्रिक बसों को अब नोएडा रीजन में शिफ्ट किया जाएगा। इसके साथ ही इन बसों के संचालन, रूट निर्धारण और प्रबंधन से जुड़े सभी फैसले भी नोएडा से ही लिए जाएंगे। हालांकि, निगम ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि बसों के रूट गाजियाबाद से होकर गुजरें, ताकि वहां के यात्रियों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिलता रहे। वर्तमान में केवल 10 ई-बसों का ही संचालन साहिबाबाद बस डिपो की तरफ से किया जा रहा है।

बारी-बारी शिफ्ट की जाएंगी बसें

साहिबाबाद डिपो से चल रहीं ई-बसों को बारी-बारी से नोएडा ट्रांसफर किया जाएगा। इसके बाद इन बसों का संचालन नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट कॉरिडोर से जुड़े रूटों पर किया जा सकता है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यात्रियों की आवाजाही में बढ़ोतरी होगी, जिसे देखते हुए पहले से तैयारी की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा रीजन में इलेक्ट्रिक बसों के नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। एयरपोर्ट कनेक्टिविटी , मेट्रो स्टेशन, औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख आवासीय सेक्टरों को जोड़ने के लिए नई परिवहन योजना तैयार की जा रही है। इसी योजना के तहत गाजियाबाद की बसों को नोएडा शिफ्ट करने का फैसला किया गया है। नोएडा में कुल 110 ई-बसों को चलाने की प्लानिंग है। इसके लिए नोएडा, ग्रेनो अथॉरिटी और यीडा के साथ परिवहन निगम एमओयू करेगा। फिर नोएडा सेक्टर-90 में ई-बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।