रिपोर्ट दर्ज कर नहर में कुत्ते का शव तलाश रही पुलिस

नवभारतटाइम्स.कॉम

बिजनौर के नटकुर गांव में एक कुत्ते की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पशु संरक्षण संस्थाओं की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी युवक ने मोर के बच्चे को मारने से नाराज होकर कुत्ते को लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मार डाला था।

brutal killing of dog police search for body in canal report filed against accused

n NBT न्यूज, बिजनौर: बिजनौर थाना क्षेत्र के नटकुर गांव में कुत्ते की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पशु संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत संस्था आसरा द हेल्पिंग हैंड्स और उम्मीद-द रेस्क्यू हैंड्स की ओर से आरोपित के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। संस्था की सदस्य अनु बोस ने पुलिस को तहरीर देकर विडियो सुरक्षित रखने, उसकी फॉरेंसिक जांच कराने तथा मृत कुत्ते के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। बिजनौर पुलिस ने बताया कि एनजीओ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर नहर में शव की तलाश की जा रही है। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक विडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक लोहे की रॉड से कुत्ते को पीटता और बाद में उसके शव को घसीटते हुए ले जाता दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने विडियो में दिख रहे युवक की पहचान नटकुर निवासी रमन गौतम के रूप में की थी। बताया गया कि रमन अपने खेत से एक मोर का बच्चा पकड़कर लाया था, जिसे कुत्ते ने मार दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने गांव की गली में बैठे कुत्ते पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शव को नहर में फेंक दिया। मामला सामने आने पर पुलिस आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। लेकिन अब एक बार फिर नए सिरे से कार्रवाई की जा रही है।