n NBT न्यूज, दनकौर
देवटा गांव के पास एक कैंटीन संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 48 वर्षीय प्रमोद भाटी के रूप में हुई है, जो दनकौर रेलवे स्टेशन के पास कैंटीन का संचालन करते थे। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों के अनुसार, प्रमोद शनिवार रात घर पर ही थे, तभी कुछ परिचित उन्हें किसी काम के सिलसिले में बुलाकर ले गए थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद गांव के पास सड़क किनारे उनका शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है, जिसके कारण मौत की गुत्थी उलझ गई है। पुलिस ने मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के लिए मृतक का विसरा सुरक्षित रखकर प्रयोगशाला भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।



