सरकारी स्कूल के बच्चे AI की पढ़ाई कर बनाएंगे रोबॉट

नवभारतटाइम्स.कॉम

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और कोडिंग की पढ़ाई होगी। छात्र रोबोट बनाना सीखेंगे। यह पहल छात्रों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ेगी। शिक्षकों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे छात्र उच्च शिक्षा और रोजगार में आगे बढ़ेंगे। यह योजना छात्रों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएगी।

ai and robotics education starts in government schools children will build robots

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

सरकारी स्कूलों के स्टूडेंट्स किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेंगे। वह अब तकनीकी ज्ञान भी हासिल करेंगे। स्टूडेंट्स को भविष्य की तकनीकों और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सरकारी और सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबॉटिक्स, कोडिंग और व्यावसायिक शिक्षा शुरू करने का फैसला किया है। इस पहल का उद्देश्य स्टूडेंट्स को आधुनिक तकनीकी ज्ञान प्रदान कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों और रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।

बोर्ड की ओर से इस योजना को केंद्र सरकार की संस्था ‘परख’ के सहयोग से लागू किया जाएगा। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक लागू करने के लिए प्रदेशभर के सरकारी और एडेड स्कूलों के शिक्षकों तथा प्रिंसिपलों को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। बोर्ड मुख्यालय में अगले एक-दो महीनों के भीतर ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है। ट्रेनिंग के माध्यम से शिक्षकों को नई तकनीकों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और पाठ्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे स्टूडेंट्स तक इन विषयों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।

हरियाणा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है। स्टूडेंट्स को ऐसे कौशल प्रदान करने की जरूरत है, जो उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाएं और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएं। इसी सोच के तहत AI, रोबॉटिक्स, कोडिंग और अन्य रोजगारपरक विषयों को चरणबद्ध तरीके से स्कूलों में लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रमों में भी आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी अंशु ने बताया कि शुरुआती स्तर से आधुनिक तकनीकों का ज्ञान मिलने से छात्र उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेंगे।