n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) सोनू भट्ट ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) 2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि 5 से 14 जून तक विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाए। सभी ईआरओ व एईआरओ को निर्देश दिए कि वे अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और अपने-अपने क्षेत्रों में सर्वे कार्य की निरंतर समीक्षा करें।
इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने राज्य के सभी उपायुक्त से वीसी के माध्यम से अभियान की रूपरेखा, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और विभिन्न चरणों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। वीसी के बाद उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित और अन्य अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है और इस दिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


