n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने बुधवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी चोरी के संदेह में 19 कमर्शल वाहनों को पकड़कर जीएसटी विभाग के हवाले कर दिया। सभी वाहनों का चालान किया गया है और अब उनमें लदे सामान का भौतिक सत्यापन कर बिलों से मिलान किया जाएगा। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली से परचून सहित अन्य सामान लेकर कुछ वाहन फरीदाबाद के रास्ते उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाते हैं।
आरोप है कि इन वाहनों में लदे सामान के पूरे बिल नहीं होते और बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन कर जीएसटी की चोरी की जाती है। सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने मंगलवार सुबह पुलिस चौकी सीकरी नाका पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया।


