nNBT रिपोर्ट, लखनऊ
कल्ली पश्चिम में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने वाले भाड़े के शूटर करीब एक माह पहले ही लखनऊ आ गए थे। दोनों शूटर मुंबई से फ्लाइट से आए थे और महंगे होटलों में रुककर रेकी की थी। इसके बाद वारदात को अंजाम देकर शहर छोड़कर भाग निकले। एसटीएफ अब शूटरों तक पहुंचने के लिए उनके करीबियों को रेडार पर ले रही है।
वृंदावन योजना निवासी संदीप सिंह का कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव कॉम्प्लेक्स में पीएसएस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस था। 27 मई को दोपहर 12:30 बजे वह अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ ऑफिस पहुंचे थे। कार से उतरकर वह फोन पर बात करते हुए ऑफिस की तरफ बढ़ रहे थे, तभी बाइक से उतरे नकाबपोश बदमाश ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने संदीप सिंह की हत्या की साजिश के आरोप में प्रॉपर्टी डीलर व सपा नेता दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन को जेल भेज दिया है। पूछताछ में सामने आया कि दिनेश ने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर मुंबई के एक गैंग के शूटरों से संदीप की हत्या करवाई थी। शूटरों का इंतजाम मुकर्रबीन ने कराया था।
एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि दोनों शूटर वारदात से 1 माह पहले मुंबई से फ्लाइट से लखनऊ आए थे। यहां वे महंगे होटलों में ठहरे और सफेद रंग की बाइक से संदीप की रेकी की। एसटीएफ को एक होटल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से दोनों शूटरों की फुटेज, साथ ही रेकी में इस्तेमाल बाइक की फुटेज मिली है। फुटेज में दोनों शूटरों के चेहरे नजर आ रहे हैं। अब एसटीएफ मुकर्रबीन से मिली जानकारी के आधार पर शूटरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। एसटीएफ ने संदेह के आधार पर 2 लोगों को हिरासत में भी लिया है।


