ओवरलोड से 20 घंटे बिजली गुल, भीषण गर्मी में टेंशन फुल

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में भीषण गर्मी के बीच 18 से 20 घंटे बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। इस्माइलपुर के अटल चौक इलाके में ट्रांसफार्मर खराब होने से 20 घंटे बिजली गुल रही। ओवरलोडिंग और लाइन फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। बिजली निगम के अधिकारी फोन नहीं उठाते। बुजुर्गों, बच्चों और बीमारों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है।

20 hours power outage in severe heat havoc in faridabad due to overloading

n NBT न्यूज, फरीदाबाद

तपती गर्मी में 18 से 20 घंटे बिजली कटौती होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रेटर फरीदाबाद के तिलपत डिविजन में आने वाले इस्माइलपुर में सबसे अधिक बिजली कट की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कहीं ट्रांसफाॅर्मर पर ओवरलोडिंग के कारण बिजली कट तो कहीं लाइन में फॉल्ट के कारण बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि बिजली निगम जेई व एसडीओ फोन नहीं उठाते हैं। लोग परेशान होकर बिजली निगम अधिकारियों को शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।

अटल चौक के एरिया के लोग झेल रहे समस्या

इस्माइलपुर के अटल चौक के एरिया में ट्रांसफाॅर्मर खराब होने से करीब 20 घंटे तक बिजली कटौती होने के कारण लोगों को भारी परेशान है। लोगों का कहना है यहां ट्रांसफाॅर्मर पर ओवरलोड की समस्या बनी हुई है। ट्रांसफाॅर्मर खराब हो जाने के कारण पूरे इलाके में बिजली गुल है, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। बिजली कटौती होने से भीषण गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पंखे, कूलर और एसी बंद होने से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।