- आठ डिग्री तापमान में गिरावट के साथ अधिकतम 35 डिग्री पहुंचा पारा
- 15 जून तक बारिश व बादल छाए रहने की संभावना
NBT न्यूज, फरीदाबाद
जिले में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। गुरुवार रात हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह भी बारिश के साथ दिन की शुरुआत हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश के चलते जिले के तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दोपहर में धूप निकलने और हवा की रफ्तार कम होने से उमस बढ़ गई, लेकिन मौसम पहले की तुलना में काफी सुहावना बना रहा।पिछले कई दिनों से तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना कर रहे लोगों को बीते दो दिनों से राहत महसूस हो रही है। बुधवार रात से मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान लगातार नीचे आया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार से शुक्रवार के बीच अधिकतम तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
शुक्रवार सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे। सुबह करीब नौ बजे बादल घने हुए और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश अधिक देर तक नहीं चली, लेकिन इससे मौसम में ठंडक घुल गई। दोपहर करीब 12 बजे तक आसमान बादलों से ढका रहा, जिसके बाद धूप निकल आई। धूप निकलने के साथ उमस बढ़ी, लेकिन तापमान में गिरावट बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने शनिवार के लिए बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 जून तक बादल छाने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।


