बसें तो शुरू, पर शेल्टर व चार्जिंग स्टेशन अधूरे

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर नोएडा में ई-सिटी बस सेवा शुरू हो गई है। यात्रियों के लिए बस स्टॉप जर्जर हैं और छतें गायब हैं। चार्जिंग स्टेशन भी मुख्य रूट पर नहीं हैं। अथॉरिटी ने बस स्टॉप सुधारने और नए चार्जिंग स्टेशन बनाने का दावा किया है। काम प्राथमिकता पर होगा। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।

noida airport e bus service launched but shelters and charging stations incomplete

n NBT रिपोर्ट, ग्रेटर नोएडा

शहर में नोएडा एयरपोर्ट के लिए ई-सिटी बस सेवा का आगाज तो हो गया है, लेकिन इसके संचालन से जुड़े जमीनी इंतजामों ने अथॉरिटी की तैयारियों की पोल खोल दी है। शहर में बसों को दौड़ा दिया गया है, लेकिन यात्रियों के बैठने के लिए न तो बस स्टॉप सुरक्षित हैं और न ही बसों को चार्ज करने के लिए रूट पर मुकम्मल स्टेशन बन पाए हैं।ग्रेनो में जो चार्जिंग स्टेशन बने हैं, वे रूट पर नहीं है। हालांकि ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी का दावा है कि बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशन का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

n जर्जर स्टैंड और गायब छतें : ग्रेटर नोएडा के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा और नॉलेज पार्क समेत प्रमुख इलाकों में करीब 75 बस स्टैंड बने हुए हैं, लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि देखरेख के अभाव में बरसों पुराने ये स्टैंड अब जर्जर हो चुके हैं। कई स्टैंड्स की तो छतें तक गायब हैं और ढांचा पूरी तरह टूट चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि भीषण गर्मी या बरसात में यात्री बसों का इंतजार कहां करेंगे?

n अथॉरिटी का दावा (BOT मॉडल पर सुधार) : ग्रेनो अथॉरिटी ने अब आनन-फानन में इन बस शेल्टरों को सुधारने की तैयारी शुरू की है। इसके लिए 'बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर' (BOT) आधार पर कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। जो स्टैंड ठीक होने लायक हैं उनकी मरम्मत होगी और जो पूरी तरह खराब हैं, उन्हें नया बनाया जाएगा। सुरक्षा के लिए इन स्टैंड्स पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

n चार्जिंग संकट: जो बने हैं वे रूट पर नहीं: इलेक्ट्रिक बसों को सुचारू रूप से चलाने के लिए चार्जिंग स्टेशनों का नेटवर्क सबसे जरूरी है, लेकिन यहां भी गणित बिगड़ा हुआ है। अभी सिटी पार्क, नॉलेज पार्क व एक्सपो मार्ट और 130 मीटर रोड तिलपता के पास जो चार्जिंग स्टेशन बने हैं, वे बसों के मुख्य रूट पर ही नहीं हैं। अथॉरिटी को शहर के 20 प्रमुख पॉइंट पर ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने थे।

n यहां बनने हैं नए चार्जिंग स्टेशन: सेक्टर अल्फा-2, जगत फार्म बाजार, जिम्स (GIMS) अस्पताल के पास, एडब्ल्यूएचओ (AWHO) सोसाइटी, अल्फा-1 कमर्शियल बेल्ट, डेल्टा-1, अंसल प्लाजा मॉल, सेक्टर गामा-1 रेरा दफ्तर और नॉलेज पार्क-2 स्थित एनआईईटी कॉलेज के पास।