पशु बेचने के फर्ज़ी विज्ञापन दे ठगी में एक आरोपी पकड़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी डेयरी फार्म के नाम से पशु बेचने का विज्ञापन देकर ठगी करने वाले एक आरोपी साजिद को गिरफ्तार किया है। आरोपी रजिस्ट्रेशन और एनओसी के नाम पर लोगों से पैसे ठगता था। एक मामले में उसने करीब 90 हजार रुपये की ठगी की थी।

fraud in the name of selling animals one accused of giving fake advertisements arrested rs 90000 fraud revealed

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी पेज बना ऑनलाइन पशु बेचने के नाम पर ठगी में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पशुओं के रजिस्ट्रेशन, जीपीएस ट्रैकिंग और एनओसी दिलाने के बहाने रकम हड़पता था। पुलिस ने दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। साइबर क्राइम थाना साउथ इंस्पेक्टर नवीन कुमार की टीम ने गुरुवार को यू ब्लॉक, डीएलएफ फेज-3 से आरोपी को काबू किया। आरोपी साजिद राजस्थान के भरतपुर का है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ सोशल मीडिया पर चौधरी डेयरी फार्म नाम से फर्जी पेज बनाया था। इस पर पशुओं के विज्ञापन पोस्ट किए जाते। कोई पशु खरीदने के लिए संपर्क करता तो पशु का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने, डिलीवरी के लिए जीपीएस ट्रैकिंग और अलग-अलग राज्यों की एनओसी लेने के नाम पर रकम ट्रांसफर कराते थे। एक मामले में आरोपियों ने एक शख्स से करीब 90 हजार रुपये ठगे थे, इसकी शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

30 फीसदी कमीशन पर काम करता था आरोपी : पुलिस के अनुसार आरोपी साजिद ने कबूला कि जो भी रकम बैंक ट्रांसफर करवाई जाती थी, उसका 30 फीसदी हिस्सा साजिद अपने पास रखता था और बाकी की 70 फीसदी रकम अपने साथी आरोपी को भेज देता था। पुलिस टीम आरोपी साजिद से उसके अन्य फरार साथियों, अब तक की गई अन्य वारदातों, ठगी के लिए इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और पैसों के लेन-देन के संबंध में पूछताछ कर रही है।