NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
डबुआ सब्जी मंडी में मोबाइल वापस करने के बहाने बुलाकर एक पल्लेदार पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद घायल युवक लहूलुहान हालत में खुद थाने पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डबुआ थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के गांव धौंसी के रहने वाले जितेन्द्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले 7-8 वर्षों से डबुआ मंडी में विजय ट्रांसपोर्ट पर पल्लेदारी का काम करता है। 9 जून की शाम को मंडी में जाम लगने की बात को लेकर उसका एक रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति से झगड़ा हो गया था। हालांकि, जितेन्द्र द्वारा माफी मांगने पर उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन इस विवाद के दौरान उसका मोबाइल कहीं गिर गया। रात करीब 10:30 बजे जितेन्द्र ने अपने मुंशी के फोन से अपने खोए हुए मोबाइल पर कॉल किया। सामने वाले व्यक्ति ने फोन उठाया और उसे डबुआ मंडी में गन्ने की आढ़त के पास आकर अपना मोबाइल ले जाने को कहा। जब जितेन्द्र आढ़त के पास पहुंचा, तो वहां वही व्यक्ति मिला जिससे शाम को झगड़ा हुआ था। आरोपी ने मोबाइल देने के बदले पहले शराब पिलाने की शर्त रखी। जितेन्द्र जब उसे साथ लेकर गोदाम की तरफ चलने लगा, तो रास्ते में आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और दिन में हुए झगड़े का बदला लेने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपी ने अपनी कमर के पीछे से चाकू निकाला और जितेन्द्र के दाहिने हाथ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

