2026 फीफा वर्ल्ड कप ऐसे समय में आयोजित हो रहा है, जब दुनिया के कई हिस्से संघर्ष और तनाव से जूझ रहे हैं। 19 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में पहली बार 32 के बजाय 48 टीमें भाग ले रही हैं। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा इसकी संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं, जबकि फाइनल न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। फुटबॉल का यह महाकुंभ खेल कूटनीति और वैश्विक एकता का सशक्त उदाहरण बन सकता है। खेल विवादों और युद्धों को समाप्त नहीं कर सकते, लेकिन वे देशों और लोगों को जोड़ने का माध्यम अवश्य बनते हैं। मैदान पर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और विभिन्न संस्कृतियों का शांतिपूर्ण संगम खेल भावना को नई ऊंचाई देता है। यह आयोजन युवाओं को प्रेरित करने, आपसी सम्मान बढ़ाने और सीमाओं से परे मानवीय संबंध मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करता है, जिससे विश्व बंधुत्व की भावना सशक्त होती है। -दीपा सिन्हा, ईमेल से


